नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रदर्शन से जुड़े एक मामले में दिल्ली पुलिस ने संसद मार्ग पुलिस थाने की दीवार पर ग्रैफिटी बनाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान थाने की दीवार पर लिखावट कर उसे कथित तौर पर गंदा किया गया था।

इस मामले में दिल्ली पुलिस ने दिल्ली संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, जमानती धाराओं में मामला दर्ज होने के कारण बाद में आरोपी को जमानत पर रिहा कर दिया गया।

राहुल गांधी क्यों पहुंचे थे संसद मार्ग थाने?

बताया गया कि 21 अगस्त को राहुल गांधी छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पैलेट गन से घायल हुए छात्र साहिल के मामले में कार्रवाई और जांच की प्रगति जानने के लिए पुलिस अधिकारियों से मिलने पहुंचे थे।

राहुल गांधी पहले कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन गए और इसके बाद संसद मार्ग स्थित डीसीपी कार्यालय पहुंचे। उनके साथ पीड़ित छात्र और उसका परिवार भी मौजूद था। इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर राहुल गांधी ने पुलिस अधिकारियों से बातचीत की।

डीसीपी कार्यालय के बाहर दिया था धरना

पुलिस अधिकारियों से मुलाकात के बाद राहुल गांधी पीड़ित परिवार के साथ संसद मार्ग पुलिस स्टेशन परिसर में धरने पर बैठ गए थे। उस दौरान पुलिस की ओर से कहा गया था कि शिकायत मिलने पर कानूनी प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

बाद में छात्र साहिल की शिकायत के आधार पर मामले में एफआईआर दर्ज की गई। कांग्रेस ने इसे राहुल गांधी की ओर से लगातार उठाए गए मुद्दे का परिणाम बताया।

अब इसी प्रदर्शन के दौरान पुलिस स्टेशन की दीवार पर ग्रैफिटी बनाने के मामले में एक व्यक्ति की गिरफ्तारी और फिर जमानत मिलने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है।