साहिबगंज: जिले के बोरियो थाना क्षेत्र के बीचपुरा गांव में मंगलवार देर रात एक महिला और एक युवक को कथित तौर पर साथ पाए जाने के बाद ग्रामीणों ने दोनों को बंधक बना लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराकर थाना ले गई। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, महिला दो बच्चों की मां है, जबकि उसके साथ मिला युवक चपगामा गांव का निवासी और विवाहित बताया जा रहा है। ग्रामीणों का दावा है कि दोनों के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध था और वे चोरी-छिपे मिलते थे। बताया जा रहा है कि युवक की शादी हाल ही में पथरगामा में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी।

ग्रामीण शादी कराने की मांग पर अड़े

ग्रामीणों के अनुसार, दोनों को साथ मिलने के बाद उन्हें बंधक बना लिया गया और उनकी शादी कराने की मांग की जाने लगी। घटना की सूचना मिलने पर बोरियो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर दोनों को अपनी सुरक्षा में लेकर थाना ले गई।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।