हजारीबाग: हजारीबाग पुलिस ने कुख्यात प्रिंस खान से जुड़े KSS कुबेर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। बड़कागांव थाना क्षेत्र के टीपी-5 इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि अन्य आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य कोयला क्षेत्र में बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।

पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ आरोपी

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि KSS कुबेर गिरोह के सदस्य बड़कागांव थाना क्षेत्र में एकत्रित होकर किसी बड़ी वारदात की साजिश रच रहे हैं। सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने टीपी-5 इलाके में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर 6 से 7 राउंड फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। कुछ आरोपी जंगल की ओर भागने में सफल रहे, जबकि घायल आरोपी समेत कुल पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

हथियार, कारतूस और मोबाइल बरामद

गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, .303 बोर के 20 कारतूस तथा पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

प्रिंस खान के निर्देश पर करते थे रंगदारी

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे प्रिंस खान के निर्देश पर कोयला क्षेत्रों में रंगदारी वसूली और दहशत फैलाने का काम करते थे।

घायल आरोपी का इलाज पुलिस सुरक्षा में सदर अस्पताल, हजारीबाग में चल रहा है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।