बोकारो: नावाडीह स्थित विनोद बिहारी महतो स्टेडियम में आयोजित JLKM फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। 32 टीमों की भागीदारी वाले इस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में महावीर युवा क्लब, मायापुर ने ब्लैक पैंथर बिरनी को हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। विजेता टीम को ₹51 हजार नकद पुरस्कार एवं आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि ब्लैक पैंथर बिरनी उपविजेता रहा।

विधायक जयराम महतो ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

पुरस्कार वितरण समारोह में डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो और नावाडीह थाना प्रभारी अमित सोनी ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर विधायक जयराम कुमार महतो ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। खेल अनुशासन, संघर्ष, टीम भावना और आपसी भाईचारे की सीख देता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें उचित मंच और संसाधन उपलब्ध कराने की है।

उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेलों में भी नियमित भागीदारी करने तथा नशे और गलत संगत से दूर रहकर राज्य और देश का नाम रोशन करने की अपील की।

खेल युवाओं को देता है सकारात्मक दिशा : अमित सोनी

थाना प्रभारी अमित सोनी ने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम है। इससे अनुशासन और सामाजिक समरसता मजबूत होती है। उन्होंने खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन की सराहना करते हुए आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

महिला खिलाड़ियों ने भी दिखाया दम

टूर्नामेंट के दौरान CM Excellence, Nawadih और विनोद बिहारी उच्च विद्यालय, नावाडीह की महिला टीमों के बीच प्रदर्शनी फुटबॉल मैच भी आयोजित किया गया। महिला खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

आयोजन समिति की रही अहम भूमिका

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में अध्यक्ष संजय राय, कार्यकारी अध्यक्ष सुखदेव महतो, टूर्नामेंट मैनेजर प्रवीण कुमार रवानी, सचिव जयराम कुमार, उपसचिव नीलकंठ महतो एवं कोषाध्यक्ष बालेश्वर महतो सहित आयोजन समिति के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समापन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।