शादी का झांसा देकर पांच वर्षों तक यौन शोषण का आरोप, युवती ने करमाटांड़ थाने में दर्ज कराई शिकायत
जामताड़ा: करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मंझलाडीह गांव निवासी राहुल मंडल पर चिरकुंडा की एक युवती ने शादी का झांसा देकर करीब पांच वर्षों तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर युवती ने करमाटांड़ थाना में लिखित शिकायत देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। युवती का आरोप है कि राहुल मंडल ने शादी का वादा कर लंबे समय तक उसके साथ संबंध बनाए और दोनों लगातार संपर्क में रहे। उसके अनुसार, अब राहुल शादी करने से इनकार कर रहा है। युवती के मुताबिक, बुधवार सुबह वह अपने परिजनों के साथ राहुल मंडल के घर शादी को लेकर बातचीत करने पहुंची थी। आरोप है कि राहुल की मां ने उसे घर में प्रवेश नहीं करने दिया और कथित रूप से राहुल को वहां से भगा दिया गया। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि उसके साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की गई तथा उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद उसने डायल-100 पर कॉल कर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर करमाटांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से जानकारी ली। पुलिस ने राहुल मंडल के परिजनों से राहुल और उसके पिता को थाना आने के लिए कहा। इसके बाद पुलिस युवती को अपने साथ थाना ले आई, जहां उसने लिखित शिकायत दर्ज कराई। करमाटांड़ थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे ने बताया कि युवती की शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। बताया गया कि शिकायतकर्ता युवती बीएड की छात्रा है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर मामले की वास्तविक स्थिति का पता लगाने में जुटी है। युवती द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।शादी की बात करने पहुंची युवती, घर में प्रवेश से रोका
पुलिस ने शुरू की जांच














