जिला योजना समिति की बैठक में 241 विकास योजनाओं पर मंथन, अधिकतम लोगों को लाभ पहुंचाने पर जोर
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला योजना कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिला योजना अनाबद्ध निधि के तहत विभिन्न विकास योजनाओं के चयन एवं क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों, जनता दरबार, सोशल मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से प्राप्त अनुशंसाओं के आधार पर कुल 241 विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें नई योजनाओं के अलावा पेयजल, मरम्मत एवं जीर्णोद्धार से जुड़ी योजनाएं भी शामिल थीं। उपायुक्त आलोक कुमार ने संबंधित अधिकारियों को सभी योजनाओं पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं का चयन सार्वजनिक हित को ध्यान में रखकर किया जाए, ताकि अधिकतम लोगों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक योजना के एस्टीमेट में लाभान्वित होने वाले लोगों की संख्या स्पष्ट रूप से अंकित करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में डाइनिंग टेबल उपलब्ध कराने तथा रेलवे स्टेशन से वीर कुंवर सिंह चौक तक स्ट्रीट लाइट लगाने सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) असीम किस्पोट्टा सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।सार्वजनिक हित को प्राथमिकता देने का निर्देश
महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी हुई चर्चा














