रांची: खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग, भारत सरकार के Rightful Targeting अभियान के तहत अपात्र लाभुकों की पहचान कर उनके राशन कार्ड विलोपित (डिलीट) करने की प्रक्रिया के बीच रांची की महापौर रोशनी खलखो ने आम लोगों को राहत देने की मांग उठाई है।
खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग, झारखंड सरकार के निर्देश पर जिला आपूर्ति कार्यालय, रांची द्वारा सत्यापन के बाद अहर्ता नहीं रखने वाले लाभुकों को आर्थिक दंड जमा करने, राशन कार्ड वापस करने अथवा अपना पक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश जारी किया गया है।
इसी को लेकर महापौर रोशनी खलखो ने रांची के उपायुक्त और विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि आम नागरिकों की सुविधा को देखते हुए अपात्र लाभुकों को निर्धारित समयावधि के भीतर स्वेच्छा से राशन कार्ड सरेंडर करने या अपना नाम विलोपित कराने का अवसर दिया जाए।
महापौर ने कहा कि राज्य के अन्य जिलों में भी इस प्रकार का अवसर दिया गया है। ऐसे में रांची के लाभुकों को भी बिना किसी अनावश्यक परेशानी के स्वेच्छा से राशन कार्ड लौटाने या नाम हटवाने का मौका मिलना चाहिए।
उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस मामले में सकारात्मक निर्णय लेकर पात्र और अपात्र लाभुकों की प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाएगा।














