जामताड़ा: मिहिजाम थाना परिसर में बुधवार को थाना प्रभारी प्रदीप राणा की अध्यक्षता में क्षेत्र के स्वर्ण व्यवसायियों (ज्वेलर्स) के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में ज्वेलर्स दुकानदारों एवं स्वर्ण व्यवसाय संघ के पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का उद्देश्य संभावित आपराधिक घटनाओं की रोकथाम, व्यवसायियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था।
बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने सभी स्वर्ण व्यवसायियों से अपनी दुकानों में मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ज्वेलरी दुकान में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे, मजबूत ताले, अलार्म सिस्टम और अन्य आधुनिक सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, ताकि किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने में सुविधा हो।
उन्होंने व्यवसायियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह देते हुए कहा कि हेलमेट, मास्क या बुर्का पहनकर आने वाले ऐसे व्यक्तियों, जिनका चेहरा स्पष्ट दिखाई नहीं देता हो, उनकी पहचान सुनिश्चित किए बिना दुकान के अंदर प्रवेश न दिया जाए। यदि किसी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध प्रतीत हो तो इसकी सूचना तत्काल मिहिजाम थाना को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस और व्यवसायियों के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने सभी दुकानदारों से पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने और अपने प्रतिष्ठानों की नियमित निगरानी रखने का आग्रह किया।
बैठक में मौजूद स्वर्ण व्यवसायियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपने सुझाव साझा किए और पुलिस के साथ हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही समय-समय पर इस प्रकार की बैठक आयोजित करने की मांग की, ताकि सुरक्षा संबंधी मुद्दों का समाधान आपसी समन्वय से किया जा सके।














