हजारीबाग: हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने शुक्रवार को नई दिल्ली में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अध्यक्ष संतोष कुमार यादव से शिष्टाचार मुलाकात कर क्षेत्र में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में हजारीबाग और आसपास के क्षेत्रों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने पर जोर दिया गया।
वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे और फोर लेन परियोजनाओं पर चर्चा
बैठक के दौरान वाराणसी–कोलकाता एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई और परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का आग्रह किया गया।
इसके अलावा रांची–बोकारो–धनबाद फोर लेन परियोजना की प्रगति तथा निर्माण कार्य में तेजी लाने को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। सांसद ने सिकिदिरी घाटी क्षेत्र में सड़क निर्माण के दौरान उत्पन्न समस्याओं और स्थानीय ग्रामीणों की मांगों को भी एनएचएआई अध्यक्ष के समक्ष प्रमुखता से रखा।
ब्लैक स्पॉट्स के स्थायी समाधान पर जोर
सांसद मनीष जायसवाल ने एनएच-33 के चुटूपालू घाटी, चौपारण–बाराचट्टी मार्ग के दनुवा-बनुवा क्षेत्र तथा चरही घाटी में चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स के स्थायी समाधान को लेकर चल रही पहल की भी समीक्षा की।
उन्होंने सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दुर्घटनाओं की आशंका वाले इन स्थानों पर जल्द और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
निर्माणाधीन 6-लेन परियोजना को जल्द पूरा करने की मांग
बैठक में चौपारण, चोरदाहा और गोरहर क्षेत्र में निर्माणाधीन 6-लेन सड़क परियोजना की प्रगति पर भी चर्चा हुई। सांसद ने परियोजना को शीघ्र पूरा कराने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
बेहतर सड़क संपर्क से विकास को मिलेगी गति : सांसद
सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र की सभी महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क, सुरक्षित यातायात और आधुनिक आधारभूत संरचना क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति प्रदान करेगी।
वहीं, एनएचएआई अध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति से सांसद को अवगत कराया और आवश्यक विषयों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिया।















