गुमला: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में "नशा मुक्त युवा विकसित भारत अभियान" के अंतर्गत शनिवार को गुमला जिले के चैनपुर स्थित परमवीर अल्बर्ट एक्का मेमोरियल कॉलेज में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर युवाओं को नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत निर्णायक मंडल के सदस्यों के परिचय एवं सम्मान के साथ हुई। कॉलेज के प्राचार्य ने स्वागत भाषण देते हुए सभी अतिथियों, निर्णायकों और प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया। वहीं जिला युवा पदाधिकारी (डीवाईओ) ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सकारात्मक भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।
युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थित लोगों ने "नशा मुक्त भारत" के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया और शपथ ग्रहण की। साथ ही स्वच्छता पखवाड़ा का भी शुभारंभ किया गया।
प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभा की झलक
कार्यक्रम में लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, भाषण, स्लैम पोयट्री, पेंटिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता परिणाम इस प्रकार रहे:
लोकगीत: संध्या कुमारी एवं समूह (प्रथम), सरिता कुमारी एवं समूह (द्वितीय), रंजिता कुमारी एवं समूह (तृतीय)
लोकनृत्य: एनी आयुषा एवं समूह (प्रथम), रिंकी टोप्पो एवं समूह (द्वितीय)
नुक्कड़ नाटक: रूपा प्रीतिका कुमारी (प्रथम), निभा कुजूर (द्वितीय), अनुज लकड़ा (तृतीय)
भाषण: संजना एक्का (प्रथम), करिश्मा कुमारी (द्वितीय), अन्तरा कुमारी (तृतीय)
स्लैम पोयट्री: स्वाति तिर्की (प्रथम), अंजू एक्का (द्वितीय), चाँदनी कुमारी (तृतीय)
पेंटिंग: नकुल मुंडा (प्रथम), किसन भगत (द्वितीय), जिया प्रवीण (तृतीय)
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मिलेगा मौका
आयोजकों ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा प्रतिभागियों, निर्णायकों, अतिथियों और आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया गया।
आयोजकों के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य युवाओं में नशामुक्ति, स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है।














