मांडर : मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान को गति देने एवं गणना प्रपत्र (Enumeration Form) भरने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, शुद्ध और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से सोमवार को मांडर प्रखंड के तिग्गा कॉम्प्लेक्स तथा चान्हो प्रखंड मुख्यालय सभागार में BLA-2 विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
अपने संबोधन में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण लोकतंत्र को मजबूत बनाने की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इस अभियान की सफलता तभी संभव है जब प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सही एवं सुरक्षित रूप से दर्ज हो। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से मांडर विधानसभा क्षेत्र के सभी प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से BLA-2 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अभियान को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
उन्होंने कांग्रेस पार्टी के सभी BLA-2 साथियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे अपने-अपने बूथों पर जाकर बीएलओ का सक्रिय सहयोग करें तथा यह सुनिश्चित करें कि किसी भी मतदाता का गणना प्रपत्र त्रुटिपूर्ण न भरे और कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए। प्रत्येक मतदाता का नाम मतदाता सूची में सही एवं सुरक्षित रहे, यही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मंत्री ने कहा कि 29 जुलाई गणना प्रपत्र भरने की अंतिम तिथि है। इसलिए सभी कार्यकर्ता सबसे पहले अपना एवं अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का गणना प्रपत्र भरवाना सुनिश्चित करें। इसके बाद अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर अन्य नागरिकों की भी हरसंभव सहायता करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से छूटने न पाए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा उठाए गए विभिन्न प्रश्नों एवं शंकाओं का विस्तार से समाधान किया गया। साथ ही, SIR प्रक्रिया के क्रियान्वयन के दौरान जमीनी स्तर पर सामने आ रही चुनौतियों, कमियों एवं व्यावहारिक कठिनाइयों पर विस्तृत चर्चा की गई। प्राप्त सुझावों एवं फीडबैक के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि यह अभियान पूर्ण पारदर्शिता, शुद्धता एवं दक्षता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति प्रत्येक मतदाता की भागीदारी है। हम सभी का दायित्व है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक मताधिकार सुरक्षित रहे।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड अध्यक्ष मो. इस्तियाक, शिव उरांव, आबिद अंसारी, जमील मलिक, दिलीप सिंह, मोजिबुल्लाह, सेरोफ़िना मिंज, सरिता तिग्गा, तबरक ख़ान, बंधु टोप्पो, प्रियंका उरांव सहित बड़ी संख्या में BLA-2 कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।














