बाघमारा: ईस्ट बसुरिया कोलियरी के सात नंबर क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की बदहाली को लेकर जिला परिषद सदस्य मोहम्मद इस्राफील ने सोमवार को परियोजना पदाधिकारी एम.एल. राम से मुलाकात कर समस्याओं को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कोलियरी क्षेत्र में रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और रोजगार में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने की मांग की।

वार्ता के दौरान जिला परिषद सदस्य ने कहा कि कोलियरी प्रबंधन का ध्यान केवल परियोजना विस्तार पर है, जबकि वर्षों से कॉलोनी में रह रहे लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में नालियों और नालों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि ईस्ट बसुरिया क्षेत्र की कई सड़कें जर्जर हो चुकी हैं, लेकिन लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाई हो रही है। उन्होंने प्रबंधन से जल्द से जल्द इन समस्याओं के समाधान की मांग की।

मोहम्मद इस्राफील ने आउटसोर्सिंग कंपनियों में रोजगार को लेकर भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कोलियरी क्षेत्र में संचालित आउटसोर्सिंग कंपनियों में सबसे पहले प्रभावित और विस्थापित परिवारों को रोजगार का अवसर मिलना चाहिए। इसके बाद पहले से कार्यरत स्थानीय कर्मियों को प्राथमिकता के आधार पर काम उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी का रोजगार प्रभावित न हो।

उन्होंने परियोजना पदाधिकारी से मांग की कि क्षेत्र की समस्याओं का जल्द समाधान कर स्थानीय लोगों को राहत दी जाए। साथ ही रोजगार और विकास कार्यों में प्रभावित परिवारों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।