जामताड़ा: झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोमवार को जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के लक्ष्मीपुर पंचायत के प्रधान श्री हेंब्रम की धर्मपत्नी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। दुःखद सूचना मिलते ही मंत्री उनके आवास पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की।

स्वास्थ्य मंत्री ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने इसे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

परिजनों से बातचीत के दौरान डॉ. इरफान अंसारी ने परिवार की परिस्थितियों की जानकारी ली और अपनी ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस कठिन समय में परिवार अकेला नहीं है और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की ओर से मिलने वाली अनुग्रह राशि एवं अन्य पात्र सहायता योजनाओं का लाभ शीघ्र परिवार तक पहुंचाया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर उपस्थित स्थानीय लोगों ने मंत्री के संवेदनशील व्यवहार और त्वरित सहयोग की सराहना की। डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों के सुख-दुख में परिवार के सदस्य की तरह साथ खड़ा रहना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

उन्होंने दोहराया कि जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक के सुख-दुख में वे सदैव उनके साथ खड़े रहेंगे।