कुकड़ू (सरायकेला-खरसावां)। जिले के कुकड़ू प्रखंड में रबी फसल की खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किसानों के बीच निशुल्क सरसों बीज का वितरण किया गया। कृषि विभाग की राष्ट्रीय मिशन योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने किसानों को अपने हाथों से सरसों बीज वितरित कर किया।

इस अवसर पर मधुश्री महतो ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को समय पर उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराना है, ताकि कृषि उत्पादन में वृद्धि हो और किसानों की आमदनी बढ़ सके। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक तरीके अपनाकर सरसों की खेती करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान किसानों को सरसों की उन्नत किस्मों, बुआई के उचित समय, बीज उपचार और खाद प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

मौके पर कुकड़ू प्रखंड प्रमुख प्रतिमा बाला पातर, झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष कृतिवास महतो, बीटीएम हिमांशु कुमार महतो, किसान मित्र और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।