भुरकुंडा में सरेराह युवक से मारपीट, फिर कार में बैठाकर फरार हुए चार अज्ञात लोग
रामगढ़। जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम युवक के साथ मारपीट कर जबरन ले जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। गोपाल होटल के पास बंगला कुआं जाने वाले रास्ते पर कार सवार चार अज्ञात लोगों ने एक युवक के साथ मारपीट की और उसे जबरन अपनी कार में बैठाकर ले गए। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक को लेकर पतरातू की ओर फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर एक स्विफ्ट डिजायर कार खड़ी मिली। कार का रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच 01 एएफ 2208 बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि यह वाहन घटना से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, युवक की पहचान और उसे ले जाने वाले लोगों के बारे में फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। घटना की सूचना मिलते ही भुरकुंडा पुलिस जांच में जुट गई। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि युवक और उसे जबरन ले जाने वाले लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं हैं। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही युवक की पहचान, घटना के कारण और पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।














