जामताड़ा। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे भी अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर आईएएस-आईपीएस अधिकारी बनकर देश का नाम रोशन कर सकते हैं। इसके लिए जरूरी है कि विद्यार्थी बड़े सपने देखें, मजबूत हौसला रखें और लक्ष्य हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करें। यह बातें स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोमवार को जीवीसी 10+2 सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहीं। वे यहां सोलर हाई मास्ट लाइट का उद्घाटन करने पहुंचे थे।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने छात्र-छात्राओं से शिक्षा और सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल भी पूछे। उन्होंने विद्यार्थियों से श्रीमती सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग – ए जर्नी ऑफ लव’ की लेखिका का नाम पूछा। इस पर बच्चों ने एक स्वर में सही जवाब देते हुए सोनिया गांधी का नाम बताया। विद्यार्थियों के जवाब से प्रसन्न होकर मंत्री ने उन्हें उपहार देकर सम्मानित किया और उनका उत्साह बढ़ाया।

छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए डॉ. अंसारी ने कहा कि बच्चे खूब पढ़ें, आगे बढ़ें और अपने माता-पिता के सपनों को पूरा करें। पढ़ाई के साथ खेलकूद, कला और संगीत में भी रुचि रखें। उन्होंने कहा कि असफलता से कभी घबराना नहीं चाहिए, क्योंकि असफलता के पीछे ही सफलता छिपी होती है। निरंतर मेहनत और लगन से प्रयास करने वाले विद्यार्थी अपने लक्ष्य को जरूर हासिल कर सकते हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूल में पढ़ना किसी भी बच्चे की कमजोरी नहीं है। गरीब परिवारों के बच्चे भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर आईएएस और आईपीएस अधिकारी बनकर देश की सेवा कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि कोई डॉक्टर बने, कोई इंजीनियर, शिक्षक या बड़ा अधिकारी बने, लेकिन सबसे पहले एक अच्छा इंसान बनना जरूरी है।

अंत में उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, शिक्षकों का सम्मान करने और अपने माता-पिता का नाम रोशन करने की अपील की।