हजारीबाग। मेयर लीग क्रिकेट टी-20 टूर्नामेंट में बाबा वैद्यनाथ इलेवन देवघर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। हजारीबाग के संजय सिंह स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में देवघर की टीम ने मानगो महायोगी को 7 विकेट से शिकस्त दी।

मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए मानगो महायोगी की टीम 17.2 ओवर में महज 76 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी बाबा वैद्यनाथ इलेवन देवघर की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और महज 10 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

देवघर की जीत के हीरो संजीव झा रहे। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।

टीम की इस शानदार जीत पर देवघर के महापौर रवि कुमार रावत ने खिलाड़ियों को बधाई दी। वहीं, हजारीबाग के महापौर अरविंद राणा और सदर एसडीपीओ रूपक सिंह ने भी टीम के प्रदर्शन की सराहना की।

मेयर लीग क्रिकेट टी-20 टूर्नामेंट में मुकाबलों के साथ रोमांच बढ़ता जा रहा है। बाबा वैद्यनाथ इलेवन देवघर के सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद अब क्रिकेट प्रेमियों की नजरें आगामी सेमीफाइनल मुकाबलों पर टिकी हैं।