लोहरदगा की दीक्षा कुमारी को NSS में राष्ट्रीय सम्मान, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित
लोहरदगा: जिले की बेटी दीक्षा
कुमारी ने अपने उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों से न केवल लोहरदगा बल्कि पूरे झारखंड का
मान बढ़ाया है. सोमवार को राष्ट्रपति भवन,
नई दिल्ली में आयोजित समारोह में देश की
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दीक्षा को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) में
बेहतर योगदान के लिए राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया. इस अवसर पर दीक्षा को रजत पदक, प्रशस्ति पत्र और एक
लाख रुपये की नगद राशि प्रदान की गई. झारखंड से इस वर्ष कुल दो छात्रों को यह
राष्ट्रीय सम्मान मिला है, जिसमें रांची विमेंस कॉलेज की दीक्षा कुमारी और डोरंडा कॉलेज
के दिवाकर आनंद शामिल हैं. दीक्षा वर्तमान में रांची विमेंस कॉलेज
में एम.ए. फाइनल ईयर की छात्रा हैं और मूल रूप से लोहरदगा जिले के उगरा गांव की
रहने वाली हैं. वे लंबे समय से स्वच्छता अभियान,
पर्यावरण संरक्षण, साक्षरता अभियान, महिला सशक्तिकरण, नशा मुक्ति अभियान और
सड़क सुरक्षा सहित राज्य और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं में सक्रिय रही
हैं. सम्मान समारोह के दौरान दीक्षा के
माता-पिता और बहन भी उपस्थित थीं. उनकी इस उपलब्धि से लोहरदगा समेत पूरे झारखंड
में खुशी की लहर दौड़ गई है.