झरिया में ढुल्लू महतो के समर्थक माले में शामिल अरूप चटर्जी का पलटवार
धनबाद की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी
(भाजपा) सांसद ढुल्लू महतो और भाकपा माले विधायक अरूप चटर्जी के बीच सियासी
बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। इसी बीच बुधवार को झरिया में आयोजित एक
कार्यक्रम के दौरान सपन पासवान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा सांसद ढुल्लू
महतो के समर्थकों ने भाकपा माले की सदस्यता ग्रहण करने का दावा किया। कार्यक्रम में निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने सभी
नए कार्यकर्ताओं का माला पहनाकर स्वागत किया और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान
किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पानी रोजगार और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार
पर उठाया जाएगा। इस दौरान विधायक अरूप चटर्जी ने सांसद ढुल्लू
महतो के हालिया बयानों पर भी पलटवार किया। उन्होंने फ्लाईओवर निर्माण को लेकर लगाए
गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जनता विकास के नाम पर भ्रमित नहीं होगी। अरूप चटर्जी ने स्थानीय मजदूरों के मुद्दे को
उठाते हुए कहा कि निरसा क्षेत्र में बाहरी मजदूरों को प्राथमिकता देकर स्थानीय
श्रमिकों की अनदेखी और कम मजदूरी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने
कहा कि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी
कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। हालांकि कार्यक्रम में किए गए इस दावे पर भाजपा की ओर से तत्काल कोई
आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।














