जामताड़ा: सदर अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत के मामले में भाजपा जिला अध्यक्ष समेत आठ कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमे के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने 31 जुलाई को जामताड़ा समाहरणालय घेराव का ऐलान किया है। आंदोलन की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला कार्यालय में जिला संगठन की बैठक आयोजित की गई, जिसके बाद नेताओं ने प्रेस वार्ता कर सरकार और स्वास्थ्य व्यवस्था पर निशाना साधा।
बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी, पूर्व सांसद एवं प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन, पूर्व मंत्री रणधीर सिंह और भाजपा नेत्री सीता सोरेन मुख्य रूप से मौजूद रहीं।
31 जुलाई को होगा बड़ा आंदोलन
प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था समेत कई विभागों की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यवस्था की खामियों के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जामताड़ा सदर अस्पताल में हुई जच्चा-बच्चा की मौत के मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने पहुंचे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज किया गया, जिसके विरोध में 31 जुलाई को समाहरणालय का घेराव किया जाएगा।
भाजपा ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की उठाई मांग
पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पीड़ित परिवार को न्याय और मुआवजा दिलाने के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उन पर ही मुकदमा दर्ज कर दिया गया। उन्होंने मामले में जिम्मेदार चिकित्सकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि आंदोलन में संथाल परगना के अलावा गिरिडीह और धनबाद से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।
सरकार और स्वास्थ्य विभाग पर लगाए आरोप
पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है और कई विभागों में अव्यवस्था का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार बढ़ा है और भाजपा कार्यकर्ता जनता के मुद्दों को उठाते रहेंगे।
भाजपा नेत्री सीता सोरेन ने कहा कि बैठक में सभी मंडल अध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि 31 जुलाई के समाहरणालय घेराव में जामताड़ा के साथ-साथ संथाल परगना और राज्य के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
बैठक में जिलाध्यक्ष सुमित शरण, पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता झा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।














