लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 15 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले और नई तैनातियों के आदेश जारी किए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल में लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर समेत कई अहम पदों पर नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
सबसे प्रमुख बदलावों में तरुण गाबा को लखनऊ का नया पुलिस कमिश्नर और पीयूष मोर्डिया को प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।
लखनऊ और प्रयागराज में नए पुलिस कमिश्नर
IPS अमरेन्द्र के. सेंगर को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त पद से हटाकर पुलिस महानिदेशक (इंटेलिजेंस) के साथ पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
उनकी जगह IPS तरुण गाबा को लखनऊ का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है।
वहीं, IPS पीयूष मोर्डिया को वाराणसी जोन के एडीजी पद से स्थानांतरित कर प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।
गोरखपुर और वाराणसी में भी बड़ा बदलाव
IPS अशोक जैन को गोरखपुर जोन के एडीजी पद से हटाकर पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन एवं आपात सेवाएं बनाया गया है।
उनकी जगह IPS राम कुमार को गोरखपुर जोन का नया अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा IPS नवीन अरोरा को वाराणसी जोन का नया एडीजी बनाया गया है।
अन्य अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
तबादला सूची में कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं—
IPS भगवान एस. श्रीवास्तव – एडीजी, तकनीकी सेवाएं
IPS आनंद सुरेश राव कुलकर्णी – सचिव (गृह)
IPS मोहित गुप्ता – आईजी, भ्रष्टाचार निवारण संगठन
IPS विनोद कुमार सिंह – आईजी, विशेष जांच
IPS धर्मवीर – आईजी, पीएसी पूर्वी जोन
IPS जोगेन्द्र कुमार – आईजी, पीटीएस मुरादाबाद
IPS अनूप कुमार सिंह – पुलिस अधीक्षक, आर्थिक अपराध शाखा (EOW)
IPS आनंद कुमार – पुलिस अधीक्षक, लोक शिकायत शाखा
उत्तर प्रदेश सरकार का यह प्रशासनिक फेरबदल कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।














