तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने फूफा-भतीजे को मारी टक्कर, भतीजे की मौत; फूफा रेफर
गिरिडीह: तिसरी थाना क्षेत्र के चंदौरी-बरहमसिया मार्ग पर सोमवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. मॉर्निंग वॉक के लिए निकले फूफा-भतीजे को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में भतीजे करण तुरी की मौत हो गयी, जबकि उनके फूफा लाटो तुरी गंभीर रूप से घायल हो गये. घायल लाटो तुरी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह रेफर किया गया है. जानकारी के अनुसार, बिहार के बिसौली निवासी लाटो तुरी अपने ससुराल चंदौरी आये हुए थे. सोमवार की सुबह वह अपने भतीजे करण तुरी के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे. दोनों चंदौरी-बरहमसिया मार्ग पर पैदल जा रहे थे. इसी दौरान बरहमसिया के समीप विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि करण तुरी उछलकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराये. हादसे के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी. स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को इलाज के लिए तिसरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया. सीएचसी में चिकित्सकों ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया. दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह रेफर कर दिया. परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को गिरिडीह ले जाया जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में करण तुरी की हालत बिगड़ गयी और उन्होंने दम तोड़ दिया. भतीजे की मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया. वहीं, करण के फूफा लाटो तुरी का इलाज गिरिडीह में कराया जा रहा है. उनकी स्थिति गंभीर बतायी जा रही है. घटना की सूचना मिलने के बाद तिसरी पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी ली. पुलिस ने करण तुरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.मॉर्निंग वॉक के दौरान हुआ हादसा
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
गिरिडीह ले जाने के दौरान करण ने तोड़ा दम
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा















