जामताड़ा:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को जामताड़ा नगर अंतर्गत कायस्थपाड़ा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों और अभिभावकों से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। कार्यक्रम का नेतृत्व नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर सेवा, सहयोग और जनकल्याण की भावना को मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने वाले छोटे-छोटे बच्चों के साथ समय बिताने और उनके बीच खुशियां बांटने का प्रयास किया गया। बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना और उनके साथ कुछ समय बिताना भी समाज सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

इसी उद्देश्य से कायस्थपाड़ा आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर बच्चों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। इसके साथ ही बच्चों के लिए मनोरंजक गतिविधियां आयोजित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में काफी खुशी और उत्साह देखने को मिला।

नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का माध्यम है। पार्टी कार्यकर्ता विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से जरूरतमंदों और बच्चों के बीच पहुंचकर सेवा कार्य कर रहे हैं।

मौके पर नगर महामंत्री रथु दास, नगर मंत्री ब्रजेश राउत, विकास राउत सहित अन्य कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी केंद्र की संचालिका मौजूद रहीं।