चंदनक्यारी: चंदनक्यारी प्रखंड के भोजूडीह पूर्वी पंचायत में गौरांग क्लब की ओर से एक दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि झारखंड प्रदेश कांग्रेस के संयुक्त सचिव सह मुखिया प्रतिनिधि सुभाष चंद्र राउत सहित अन्य गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
टूर्नामेंट में कुल 8 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला काजू बागान चंद्रा और एसके ब्रदर्स नौडीहा के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। अंत में टाई ब्रेकर में एसके ब्रदर्स नौडीहा ने एक गोल की बढ़त हासिल कर खिताब अपने नाम कर लिया।
विजेता टीम को 14 हजार रुपये का पुरस्कार
फाइनल जीतने वाली एसके ब्रदर्स नौडीहा की टीम को मुख्य अतिथि सुभाष चंद्र राउत ने शिल्ड और 14 हजार रुपये नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वहीं उपविजेता काजू बागान चंद्रा की टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में गौरांग क्लब के सदस्यों और स्थानीय गणमान्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन के सफल समापन पर आयोजकों ने सभी सहयोगियों और प्रतिभागी टीमों के प्रति आभार जताया।
'खेल से शारीरिक और मानसिक विकास'
मौके पर सुभाष चंद्र राउत ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेलकूद से शारीरिक और मानसिक विकास होता है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच मिलता है और उनका कौशल विकसित होता है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को आगे भी लगातार खेलते रहना चाहिए। किसी भी तरह की समस्या होने पर उन्होंने हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि खेल शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मानसिक रूप से भी मजबूत बनाता है।
सुभाष चंद्र राउत ने खिलाड़ियों से खेल को खेल भावना के साथ खेलने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक टीम की हार से ही दूसरी टीम की जीत होती है, इसलिए खिलाड़ियों को हार से निराश होने के बजाय उससे प्रेरणा लेकर अगली जीत के लिए मेहनत करनी चाहिए।
ये लोग रहे मौजूद
मौके पर पश्चिम बंगाल के रेफरी राजेश कुमार, कॉमेंटेटर कपिल अंसारी, पंचायत समिति सदस्य प्रदीप कुमार मुखर्जी, रमेश कुमार शर्मा, आनंद कुमार, मनोज कुमार महतो, पंकज कुमार रजक और दिलीप बाउरी सहित गौरांग क्लब के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।














