चंदनकियारी में आस्था का संगम, विधि-विधान से हुई बजरंगबली की पूजा-अर्चना
चंदनकियारी। चंदनकियारी थाना परिसर स्थित बजरंगबली मंदिर में मंदिर सौंदर्यीकरण सह सुंदरकांड पाठ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पंडित सत्यनारायण पाण्डेय के निर्देशन में धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान पंचदेव पूजन, नवग्रह पूजन, षोडश मातृका पूजन, चंडी पूजन, गौरी-गणेश पूजन और वीर बजरंगबली की विशेष पूजा-अर्चना की गई। कार्यक्रम से पहले पंचगव्य से मंदिर का शुद्धिकरण किया गया। इसके बाद हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ हुआ। पंडित संपूर्ण नारायण पाण्डेय, अजय पाण्डेय, कामदेव पाण्डेय, शंकर पाण्डेय, राम प्रसाद पाण्डेय और विवेक पाण्डेय ने वाद्य यंत्रों के साथ संगीतमय सुंदरकांड पाठ प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर चंदनकियारी थाना शांति समिति के सदस्यों सहित कई गणमान्य लोग मंदिर पहुंचे। सभी ने बजरंगबली के दर्शन कर माथा टेका और प्रसाद ग्रहण किया। थाना प्रभारी अमित कुमार राय ने अपनी धर्मपत्नी के साथ यजमान की भूमिका निभाते हुए कार्यक्रम में शामिल अतिथियों का स्वागत किया। विधायक उमाकांत रजक ने भी मंदिर में माथा टेककर क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मौके पर बीस सूत्री उपाध्यक्ष देवाशीष मंडल, सब इंस्पेक्टर पप्पू कुमार गुप्ता, भोजूडीह ओपी प्रभारी अवरेंद्र कुमार, अमलाबाद ओपी प्रभारी अमरजीत सिंह सहित बिनोद गोराई, बसंत महथा, अमियो ओझा, ताराशंकर ओझा, मिनहाज अंसारी, बाटुल राय, राजीव ओझा, जलेश्वर दास, विभीषण महथा और फटीक शर्मा समेत कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।















