लोहरदगा में बुधवार को प्रशासनिक व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण दिन रहा जब नवनिर्मित समाहरणालय भवन से विधिवत कार्य शुरू कर दिया गया। पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के बीच उपायुक्त संदीप कुमार मीणा और पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने नए भवन में प्रवेश कर अपना कार्यभार संभाला।नया समाहरणालय भवन लंबे समय से तैयार होने की प्रक्रिया में था जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 15 नवंबर 2025 को ऑनलाइन माध्यम से किया था। इसके बाद फर्निशिंग और अन्य जरूरी कार्यों को पूरा किया गया जिसके पश्चात अब इसे पूरी तरह संचालित कर दिया गया है।उपायुक्त संदीप कुमार मीणा ने बताया कि सभी आवश्यक तैयारियां पूरी होने के बाद अब जिले के प्रशासनिक और पुलिस विभाग के सभी कार्य इसी भवन से संचालित होंगे। इससे कामकाज में पारदर्शिता और गति दोनों में सुधार होगा।उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि अब किसी भी प्रशासनिक कार्य के लिए पुराने समाहरणालय भवन जाने की आवश्यकता नहीं है। सभी लोग सीधे नए भवन में आकर अपनी समस्याओं का समाधान करा सकते हैं।इस मौके पर अधिकारियों और कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। नया भवन न केवल प्रशासनिक व्यवस्था को आधुनिक बनाएगा बल्कि जिले के विकास में भी अहम भूमिका निभाएगा।