गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदौरी गांव में बुधवार शाम वज्रपात की दर्दनाक घटना में दो युवकों की मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। यह हादसा सकरी नदी के किनारे हुआ जहां सभी लोग बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े थे।मिली जानकारी के अनुसार शाम करीब 4 बजे अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान बेलवाना निवासी आफताब अंसारी 30 चंदौरी निवासी राजू तुरी 26 नूनमनी कुमार अमन कुमार तुरी 24 चरना रविदास और चंदन कुमार नदी के किनारे बैठे हुए थे। बारिश से बचने के लिए सभी पास के एक पेड़ के नीचे चले गए।तभी तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ और सभी उसकी चपेट में आ गए। इस घटना में नूनमनी कुमार और अमन कुमार तुरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आफताब अंसारी और राजू तुरी गंभीर रूप से घायल हो गए। चरना रविदास और चंदन कुमार को हल्की चोटें आई हैं।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को तुरंत चंदौरी के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया जहां दो घायलों का इलाज चल रहा है। वहीं मृतकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।इस हादसे के बाद दोनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।