हजारीबाग झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रंजीत कुमार के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के बैनर तले बुधवार सुबह सिविल कोर्ट से विधिक जागरूकता प्रभात फेरी निकाली गई। इस फेरी का उद्देश्य आम लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना और न्याय तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करना था।सुबह सात बजे निकली इस प्रभात फेरी में प्रधान जिला जज रंजीत कुमार अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम तरुण कुमार, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश चतुर्थ आसिफ इकबाल जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव डॉ. रवि प्रकाश तिवारी सिविल कोर्ट निबंधक दिव्यम चौधरी सहित कई न्यायिक पदाधिकारी कर्मचारी मध्यस्थ एलएडीसी सदस्य और पारा लीगल वालेंटियर शामिल हुए।जानकारी के अनुसार आगामी 90 दिनों तक जिले के सभी प्रखंडों में गांव गांव जाकर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत लोगों को उनके अधिकार मुफ्त कानूनी सहायता लोक अदालत मध्यस्थता और अन्य न्यायिक सेवाओं की जानकारी दी जाएगी।जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा समय समय पर लोक अदालत विशेष मध्यस्थता अभियान जेल अदालत, निःशुल्क कानूनी सहायता और एलएडीसी के माध्यम से बंदियों को भी सहायता प्रदान की जाती है।प्रधान जिला जज रंजीत कुमार ने आम लोगों से अपील की कि जो भी व्यक्ति निःशुल्क कानूनी सहायता पाने के पात्र हैं वे इसका अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने यह भी बताया कि 9 मई को सिविल कोर्ट में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा जिसमें लोग अपने मामलों का त्वरित निपटारा करा सकते हैं।