गिरिडीह जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र में 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन से तांबे के तार चोरी मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। इस मामले में तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है जिनके पास से चोरी किए गए तांबे के तार समेत कई अहम सामान बरामद किए गए हैं।जानकारी के अनुसार, 26/27 अप्रैल 2026 की रात निमियाघाट सब स्टेशन के पीछे ट्रांसमिशन लाइन बिछाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मौके पर रखे गए भारी मात्रा में तांबे के तार को निशाना बनाते हुए अपराधियों ने वहां मौजूद गार्ड को धमकाकर मारपीट कर बंधक बना लिया और करीब 193 मीटर तांबे का तार काटकर फरार हो गए। चोरी गए तार की अनुमानित कीमत करीब 15.58 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा गार्ड से मोबाइल फोन और 5 हजार रुपये नकद भी लूट लिए गए थे।घटना के बाद निमियाघाट थाना कांड संख्या 41/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार अपराधियों के पास से घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, करीब 267 किलोग्राम तांबे का तार केबल कवर मोबाइल फोन 38 हजार रुपये नकद और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी धनबाद जिले के कुसुंडा और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं और सभी का आपराधिक इतिहास रहा है। पूछताछ में अन्य सहयोगियों के नाम भी सामने आए हैं जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।इस पूरे अभियान में निमियाघाट थाना डुमरी पुलिस और तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही। मामले के खुलासे के बाद क्षेत्र के लोगों ने पुलिस की तत्परता और सक्रियता की सराहना की है।