रामगढ़ जिले के भुरकुंडा स्थित शीन गैस एजेंसी में रसोई गैस को लेकर एक महिला ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान महिला ने गैस एजेंसी के कर्मचारियों पर पत्थर से हमला करने का भी प्रयास किया लेकिन स्थानीय लोगों और पुलिस की सूझबूझ से मामला शांत करा लिया गया।मिली जानकारी के अनुसार भुरकुंडा मस्जिद स्थित गैस एजेंसी में एक महिला उपभोक्ता पहुंची और घर में गैस की किल्लत बताते हुए तुरंत गैस सिलेंडर देने की मांग करने लगी। एजेंसी के कर्मचारियों ने महिला को समझाया कि गैस की कोई कमी नहीं है और उन्होंने 13 मार्च को गैस बुकिंग की है, इसलिए बुकिंग के तय समय पर ही गैस उपलब्ध कराई जाएगी।लेकिन महिला तत्काल गैस देने की मांग पर अड़ी रही। कर्मचारियों द्वारा मना करने पर महिला गुस्से में आ गई और पास में रखा पत्थर उठाकर कर्मचारियों को मारने के लिए दौड़ पड़ी। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह महिला को पकड़कर शांत कराया।इसके बाद गैस एजेंसी के कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को समझा-बुझाकर घर भेज दिया, जिसके बाद मामला शांत हो गया।गैस एजेंसी संचालक ने बताया कि एजेंसी में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को बुकिंग के अनुसार समय पर गैस उपलब्ध कराया जा रहा है।