औरंगाबाद रांची वाराणसी से रांची आ रही रेखा बस बिहार के औरंगाबाद जिले में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग 19  NH-19  पर मदनपुर थाना क्षेत्र के पहारचापी मोड़ के समीप मंगलवार की अहले सुबह बस सड़क निर्माण कार्य में लगी एक डंपर से पीछे से टकरा गई। हादसे में एक फार्मा कर्मी की मौत हो गई जबकि 22 यात्री घायल हो गए।मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के राजा तालाब निवासी 35 वर्षीय बाबू विवेक सिंह के रूप में हुई है। वह एक फार्मा कंपनी में कार्यरत थे और अपने सहयोगी आशु पटेल के साथ कंपनी के कार्य से रांची जा रहे थे। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।जानकारी के अनुसार रेखा बस सोमवार रात करीब नौ बजे वाराणसी से रांची के लिए रवाना हुई थी। मंगलवार सुबह करीब दो बजे मदनपुर थाना क्षेत्र के पहारचापी मोड़ के पास चालक का नियंत्रण बस से हट गया और बस आगे चल रहे डंपर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों और पुलिस के संयुक्त प्रयास से सभी घायलों को बस से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर एवं सदर अस्पताल औरंगाबाद भेजा गया।घायलों में वाराणसी निवासी मनेश गुप्ता संजय राम मनिकेश सिंह अमन मिश्रा दुलारी देवी सहित कई अन्य यात्री शामिल हैं। सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है।मृतक के सहयोगी आशु पटेल ने बताया कि हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।मदनपुर थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए NH-19 पर यातायात भी प्रभावित रहा जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।