रामगढ़ उरीमारी सीसीएल क्वार्टर हादसा
रामगढ़ जिले के
उरीमारी जरजरा चौक स्थित सीसीएल के जर्जर क्वार्टर अब लोगों की जान पर आफ़त बनते
जा रहे हैं। यहां एक क्वार्टर का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया और पूरी तरह जमींदोज
हो गया।बताया जा रहा है कि घटना के समय क्वार्टर में लोग सामान्य रूप से रह रहे
थे। अचानक छज्जा गिरने से अफरा तफरी मच गई। गनीमत
रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, हालांकि एक व्यक्ति को हल्की चोटें आने की सूचना है।स्थानीय
लोगों का कहना है कि इतने बड़े हादसे के बाद भी अब तक कोई जनप्रतिनिधि नेता या सीसीएल का
कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। सभी मूकदर्शक बने हुए हैं। लोगों का आरोप है
कि वर्षों से इन क्वार्टरों की मरम्मत नहीं कराई गई जिसके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है।घटना
की जानकारी मिलने पर स्थानीय युवा नेता तूफान करमाली मौके पर पहुंचे और हालात का
जायजा लिया। उन्होंने बताया कि यहां रहने वाले लोगों ने कई बार सीसीएल प्रबंधन को
क्वार्टरों की जर्जर स्थिति के बारे में सूचित किया लेकिन हर बार इसे नजरअंदाज किया गया।लोगों
ने बताया कि क्वार्टर इतनी खराब हालत में हैं कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
वर्तमान में यहां रहने वाले परिवार भय के साये में जी रहे हैं।स्थानीय लोगों ने
सीसीएल से मांग की है कि या तो इन क्वार्टरों की तुरंत मरम्मत कराई जाए या फिर
यहां रहने वाले लोगों के लिए सुरक्षित आवास की व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में किसी
बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।तूफान करमाली ने कहा कि बरका सयाल एरिया में उरीमारी
से सबसे अधिक कोयला उत्पादन होता है इसके बावजूद यहां इस तरह की स्थिति बेहद
दुर्भाग्यपूर्ण है।














