बोकारो बाउंड्री वॉल विवाद बोकारो
बोकारो जिले के चास
थाना क्षेत्र स्थित राणा प्रताप नगर में बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर चाचा और
भतीजे के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हथियार तक पहुंच गया।जानकारी के अनुसार पहले यहां 10 इंच की पुरानी दीवार बनी हुई थी जिसे तोड़कर दोनों
पक्ष आपसी सहमति से 5-5 इंच
की अलग-अलग दीवार बनवाने पर विचार कर रहे थे ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न
हो। निर्माण कार्य के लिए राजमिस्त्री भी बुलाया गया था।इसी दौरान किसी बात को
लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। सूरज राणा ने आरोप लगाया कि उसके चाचा दिनेश
राणा और उनके बेटे आशुतोष राणा मौके पर पहुंचे और काम रुकवा दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और माहौल
तनावपूर्ण हो गया।आरोप है कि इसी बीच आशुतोष राणा बुलेट मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा
और अपने पास रखा रिवॉल्वर निकाल लिया। हालांकि मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे की नजर
पड़ते ही वह हथियार लहराते हुए ज्यादा आगे नहीं बढ़ा और वापस अंदर चला गया। पूरी
घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।घटना की
सूचना मिलते ही चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत
कराया। पुलिस एहतियातन दोनों पक्षों से एक एक व्यक्ति को थाने
ले गई है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज के
आधार पर जांच की जा रही है। यदि हथियार के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो
विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल
रहा लेकिन
पुलिस की तत्परता से स्थिति सामान्य हो गई।














