पलामू जिले के छतरपुर थाना परिसर में आगामी रामनवमी सरहुल एवं ईद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीओ सह बीडीओ आशीष कुमार साहू ने की।बैठक में डीएसपी अवध कुमार यादव थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद पुलिस निरीक्षक द्वारिका राम नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता चुनमुन एएसआई राहुल कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने क्षेत्र में शांति, भाईचारा और सामाजिक समरसता बनाए रखने पर जोर दिया।प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया कि उच्च न्यायालय के आदेशानुसार किसी भी जुलूस में डीजे का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करते हुए निर्धारित दिशा निर्देशों का पालन करें।सीओ सह बीडीओ आशीष कुमार साहू ने कहा कि सभी जुलूस पूर्व निर्धारित रूट से ही निकाले जाएंगे और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही मेडिकल टीम की उपलब्धता और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।डीएसपी अवध कुमार यादव ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह या भड़काऊ संदेशों से दूर रहें। सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी और जरूरत पड़ने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता चुनमुन ने आश्वस्त किया कि नगर क्षेत्र में पेयजल साफ सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जा रही है ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।बैठक में शामिल सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया और क्षेत्र में शांति बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई।अंत में प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाकर क्षेत्र में शांति एवं सद्भाव की परंपरा को मजबूत करें।