लातेहार सदर थाना क्षेत्र के कोने पिकेट के समीप खूंट गड़ी गांव में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों भाई राजमिस्त्री का काम करने के लिए सरयू जा रहे थे तभी विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।मृतकों की पहचान बीरेंद्र उरांव और सकेंद्र उरांव के रूप में हुई है। दोनों चंदवा थाना क्षेत्र के सेरक किता गांव के निवासी बताए गए हैं। परिजनों के अनुसार दोनों रोज़गार के सिलसिले में सरयू की ओर जा रहे थे तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज गति से आ रही अनियंत्रित कार ने पहले बाइक को जोरदार टक्कर मारी और इसके बाद सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार और बाइक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।घटना के बाद कार में सवार लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार कार सवारों की पहचान कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।