झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकरी ओपी इलाके में तुलसी महतो की गला रेतकर की गई निर्मम हत्या मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्या कांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया है।पुलिस के अनुसार 2 मार्च को सिकरी ओपी क्षेत्र में तुलसी महतो की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने शव को तालाब के किनारे फेंक दिया था। इस मामले में मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन के आधार पर बड़कागांव सिकरी ओपी थाना कांड संख्या 35/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उनका तुलसी महतो के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। करीब तीन महीने पहले तुलसी महतो के पिता की मृत्यु हो गई थी जिसके बाद वह घर का अकेला सदस्य रह गया था। इसी बीच आरोपियों ने उसकी जमीन हड़पने की साजिश रची।योजना के तहत आरोपियों ने तुलसी महतो को छठियारी खाने के बहाने घर बुलाया और उसे काफी शराब पिलाई। देर रात जब वह घर लौट रहा था तब रास्ते में उसे धक्का देकर गिरा दिया गया और जमीन पर पकड़कर लोहे के धारदार हथियार चिल्होठी से उसका गला रेत दिया गया। हत्या के बाद शव को तालाब के किनारे फेंक दिया गया ताकि घटना को छिपाया जा सके।पुलिस ने इस मामले में सुरेंद्र महतो मीना महतो और बासुदेव महतो को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त लोहे का हथियार और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार पुलिस निरीक्षक ललित कुमार सिकरी ओपी प्रभारी रामकुमार राम समेत पुलिस टीम के अन्य अधिकारी और जवान शामिल थे। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।