पलामू पत्थर माफिया का हमला सीओ सीआई से मारपीट
पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र
में अवैध पत्थर खनन से जुड़े माफियाओं की दादागिरी का मामला सामने आया है। शनिवार
रात करीब 8:45 बजे एनएच 139 के कटैया मोड़ पर प्रशासनिक टीम द्वारा जांच अभियान चलाया जा
रहा था। इस दौरान अंचलाधिकारी मनीष कुमार सिन्हा सीआई नंदलाल कुमार और
अंचल गार्ड ने अवैध स्टोन चिप्स लदे दो हाईवा को जब्त किया और उन्हें थाना ले जाया
जा रहा था।इसी दौरान बेलौदर मोड़ के पास क्रशर माइंस से जुड़े कुछ लोग मौके पर
पहुंचे और जब्त वाहनों को छुड़ाने की कोशिश करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़
गया और आरोपियों ने अंचलाधिकारी और सीआई के साथ धक्का मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान अंचल कर्मियों के साथ
भी बदसलूकी की गई।मारपीट के बाद आरोपियों ने दुस्साहस दिखाते हुए जब्त किए गए
दोनों हाईवा को जबरन छुड़ा लिया और मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में
दहशत का माहौल है और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।घटना के बाद
हरिहरगंज थाना में चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना
प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार
छापेमारी कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।प्रशासन ने
स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और अधिकारियों पर हमला करने वालों को किसी भी हाल में
बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।














