हजारीबाग भगवा रंग में हजारीबाग ऐतिहासिक रामनवमी जुलूस
हजारीबाग की ऐतिहासिक रामनवमी इस बार
अपने पूरे शबाब पर नजर आ रही है। शहर की सड़कों पर भगवा रंग का ऐसा असर दिख रहा है
मानो पूरा हजारीबाग राममय हो गया हो। हर ओर जय श्रीराम के जयकारे गूंज रहे हैं और
रामभक्तों की भारी भीड़ जुलूस में शामिल होकर आस्था का अद्भुत नजारा पेश कर रही
है।जिला प्रशासन की मुस्तैदी भी इस बार साफ तौर पर देखने को मिल रही है। प्रशासनिक
अधिकारी लगातार जुलूस को व्यवस्थित तरीके से जामा मस्जिद मार्ग से पार कराने में
जुटे हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच जुलूस को धीरे धीरे आगे बढ़ाया जा रहा है ताकि किसी भी तरह की
अव्यवस्था न हो।इस वर्ष कुल 107 अखाड़ों और प्रोसेशन ने जुलूस में हिस्सा लिया है जो अपनी अपनी
कला झांकी और पारंपरिक प्रदर्शन से लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।
अब तक जामा मस्जिद मार्ग से 27 प्रोसेशन सफलतापूर्वक गुजर चुके हैं जबकि शेष जुलूस भी
क्रमवार आगे बढ़ रहे हैं।वहीं पूरे आयोजन पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है। आजाद
बाग स्थित वॉच टावर पर डीसी
एसपी बोकारो रेंज के आईजी
समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। यहां से पूरे जुलूस मार्ग की निगरानी की जा रही
है और जुलूस को नियंत्रित व सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए जा रहे
हैं।कुल मिलाकर हजारीबाग की रामनवमी इस बार भव्यता आस्था और प्रशासनिक
सतर्कता का एक शानदार उदाहरण बनकर उभर रही है जहां श्रद्धा और
व्यवस्था का बेहतरीन तालमेल देखने को मिल रहा है।














