झारखंड के गढ़वा जिले के धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत खुटिया गांव में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और कथित तौर पर नशे की हालत में चल रही बाइक अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए  जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार रमना थाना क्षेत्र के बुलका गांव निवासी रवि कुमार भुइयां  सुभाष कुमार और एस कुमार अपने रिश्तेदार के घर कदवा गांव आए हुए थे। शनिवार रात करीब 10 बजे तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान धुरकी बिलासपुर मुख्य मार्ग पर खुटिया पंचायत सचिवालय स्थित मोबाइल टावर के पास बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक काफी तेज रफ्तार में थी और चालक कथित तौर पर नशे की हालत में था। नियंत्रण बिगड़ते ही बाइक सड़क किनारे स्थित लगभग 20 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर अफरा तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को गड्ढे से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क करने की कोशिश की गई  लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद ग्रामीणों ने निजी वाहन की व्यवस्था कर घायलों को इलाज के लिए धुरकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घटना के बाद क्षेत्र में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं और 108 एंबुलेंस व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की मांग की है ताकि आपात स्थिति में लोगों को समय पर मदद मिल सके।