राजधानी एक्सप्रेस में लगी आग
केरल के त्रिवेंद्रम से हजरत
निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस 12431 के एक कोच में रविवार सुबह आग लग गई। यह
हादसा मध्य प्रदेश के कोटा रेल मंडल अंतर्गत लूणीरिच्छा और विक्रमगढ़ आलोट रेलवे
स्टेशन के बीच हुआ। घटना के बाद ट्रेन में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर
निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी यात्री के घायल होने की
सूचना नहीं है। जानकारी
के अनुसार आग सुबह करीब 5 बजे
ट्रेन के बी 1 कोच में लगी। उस समय कोच में कुल 68
यात्री सवार थे। आग लगने की सूचना मिलते ही गार्ड ने
लोको पायलट को जानकारी दी जिसके
बाद ट्रेन को तुरंत रोका गया और यात्रियों को तेजी से बाहर निकाला गया। करीब 15 मिनट के भीतर पूरे कोच को खाली करा लिया
गया। बताया जा रहा है कि
आग तेजी से फैली और देखते ही देखते पूरा कोच लगभग पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। रेलवे की राहत एवं बचाव टीम मौके पर
पहुंची और स्थानीय प्रशासन की मदद से आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद दिल्ली मुंबई रेल मार्ग पर कुछ समय के लिए
ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही। रेलवे ने प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर बिजली
सप्लाई बंद कर दी। रेलवे
अधिकारियों के अनुसार ट्रेन सुबह करीब 3 बजे रतलाम जंक्शन से रवाना हुई थी और कोटा पहुंचने से पहले यह
हादसा हुआ। रतलाम मंडल के डीआरएम
घटना स्थल के लिए रवाना हो गए हैं। साथ ही राहत एवं बचाव के लिए ART और ARME ट्रेनें भी भेजी गई हैं। रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर जांच कर
रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की विस्तृत
जांच के आदेश दे दिए गए हैं।














