हजारीबाग भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच सड़क पर ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिस जवानों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से समाजसेवी तनवीर सिंह ने एक सराहनीय पहल की। मजदूर दिवस के अवसर पर शहर के सीसीआर कार्यालय परिसर में एक सादगीपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन कर जिले भर के ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के बीच पानी की बोतलों का वितरण किया गया।इस कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक मनोज कुमार सिंह, ट्रैफिक थाना प्रभारी अनूप कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान कुल 200 पानी की बोतलें ट्रैफिक जवानों को दी गईं ताकि वे अपने घरों से स्वच्छ पानी भरकर ड्यूटी स्थल तक ले जा सकें और लू एवं तेज धूप से खुद को सुरक्षित रख सकें।पुलिस उपाधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने कहा कि भीषण गर्मी में लगातार सड़क पर ड्यूटी करना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में इस तरह की पहल जवानों के लिए काफी मददगार साबित होती है और उनका मनोबल भी बढ़ाती है।उन्होंने समाजसेवी तनवीर सिंह के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल समाज और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय का उदाहरण है।