धनबाद के गोविंदपुर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां भाजपा SC मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष अमृत दास की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है, वहीं परिजनों ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं।जानकारी के अनुसार, अमृत दास का शव उनके घर के अंदर संदिग्ध अवस्था में पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।मृतक की मां और बहन ने दोनों पत्नियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अमृत दास की शादी दो सगी बहनों से हुई थी और दोनों ने मिलकर उनकी हत्या की है। परिजनों के अनुसार हाल के दिनों में पारिवारिक विवाद बढ़ गया था।स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना से एक दिन पहले अमृत दास छोटी पत्नी को शॉपिंग कराने ले गए थे जिसके बाद घर में विवाद बढ़ गया और यह घटना सामने आई।मृतक की बहन ने न्याय की मांग करते हुए कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा।