बाघमारा धनबाद नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर बाघमारा में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन के साथ ही अलग अलग वार्डों में पार्षद पद के दावेदारों ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए जनता से आशीर्वाद मांगा जिससे पूरे क्षेत्र में चुनावी माहौल गर्म हो गया है।वार्ड संख्या 2 से पार्षद प्रत्याशी मोहम्मद अफसर उर्फ छोटू ने सैकड़ों समर्थकों के साथ नामांकन रैली निकालते हुए नगर भ्रमण किया। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और यह रैली वार्ड 2 में चर्चा का विषय बनी रही। मोहम्मद अफसर उर्फ छोटू ने कहा कि वार्ड 2 की जनता ने उन्हें भरपूर प्यार और समर्थन दिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता को सिर का ताज बनाकर रखा जाएगा और पानी पढ़ाई व दवाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाएगा।वहीं वार्ड संख्या 3 से समाजसेवी रौनक गुप्ता की मां मंजू देवी ने भी समर्थकों के साथ आशीर्वाद रैली निकालकर नामांकन किया। नामांकन के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंजू देवी ने कहा कि वार्ड 3 की जनता विकास चाहती है। शिक्षा स्वास्थ्य सड़क पानी और नागरिक सुविधाओं को लेकर उनके पास स्पष्ट योजना है और जनता का आशीर्वाद उनके साथ है।इस मौके पर समाजसेवी रौनक गुप्ता ने भी दावा किया कि वार्ड 3 में हर घर तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम किया जाएगा।इधर वार्ड संख्या 2 से ही समाजसेवी वशिष्ठ चौहान ने भी अपने समर्थकों के साथ नामांकन रैली निकाली। नामांकन के बाद उन्होंने कहा कि वार्ड 2 की जनता विकास चाहती है  विनाश नहीं शिक्षा स्वास्थ्य सड़क और पानी जैसी बुनियादी जरूरतों को लेकर वे पूरी मजबूती से जनता के साथ खड़े हैं और उन्हें जनता का समर्थन मिल रहा है।कुल मिलाकर नामांकन के साथ ही बाघमारा में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा चुका है। आने वाले दिनों में वार्ड 2 और 3 में मुकाबला और भी दिलचस्प होने की उम्मीद जताई जा रही है।