नगर निगम चुनाव को लेकर वार्ड 27 में सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्षद पद की प्रत्याशी रानी गुप्ता ने पूर्व पार्षद पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे कार्यकाल में विकास के नाम पर सिर्फ और सिर्फ दावे किए गए जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम नहीं हुआ।रानी गुप्ता ने कहा कि वार्ड में नालियां टूटी फूटी हैं जगह जगह गंदगी फैली हुई है जिससे महिलाओं में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व पार्षद द्वारा केवल अपने घर के समीप स्थित तालाब का सुंदरीकरण कराया गया, जबकि वार्ड की मूलभूत समस्याओं को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया।पार्षद प्रत्याशी ने कहा कि तालाब के बगल स्थित नल की सफाई नहीं कराई गई और न ही नाले का निर्माण किया गया जिसके कारण मोहल्लेवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि वार्ड की जनता को सिर्फ बहकाने और ठगने का प्रयास किया गया है।रानी गुप्ता ने कहा कि यदि उन्हें जनता का समर्थन मिला और वे जीतकर आती हैं तो वार्ड में शिक्षा के क्षेत्र को अपनी प्राथमिकता बनाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार वार्ड की जनता किसी के बहकावे में नहीं आएगी और बदलाव के मूड में है। वार्डवासियों में परिवर्तन को लेकर एकजुटता साफ दिखाई दे रही है।