पतरातू सीमेंट प्लांट मजदूर हड़ताल
रामगढ़ जिले के पतरातू इंडस्ट्रियल एरिया स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में वेतन भुगतान और मजदूरी बढ़ोतरी को लेकर मजदूरों का आक्रोश फूट पड़ा है। पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं मिलने और न्यूनतम मजदूरी नहीं मिलने के कारण मजदूरों का आंदोलन लगातार दूसरे दिन भी जारी है।जानकारी के अनुसार अल्ट्राटेक सीमेंट के अधीनस्थ एजेंसी सुमित कंस्ट्रक्शन में कार्यरत ठेका मजदूरों को समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा था जिससे नाराज मजदूरों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी दौरान बातचीत के लिए पहुंचे सुपरवाइजर पर मजदूरों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने केबिन में ही उसकी पिटाई कर दी। किसी तरह सुपरवाइजर अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला।मजदूरों का कहना है कि होली का त्योहार बीत गया और अब रामनवमी व रमजान जैसे बड़े पर्व आने वाले हैं। ऐसे में यदि समय पर वेतन नहीं मिलेगा तो वे अपने परिवार के साथ त्योहार कैसे मना पाएंगे।मजदूर कृष्ण कुमार ने कहा कि उनकी मांग है कि बकाया वेतन तुरंत दिया जाए और 8 घंटे की ड्यूटी के बाद ओवरटाइम में डबल हाजिरी दी जाए जैसा कि सरकार द्वारा निर्धारित है। मजदूरों ने मजदूरों का हक दो के नारे के साथ प्लांट परिसर में विरोध प्रदर्शन किया।वहीं कंपनी के एचआर विनोद कुमार ने बताया कि मजदूरों को हर महीने की 7 तारीख तक वेतन देने की व्यवस्था की जा रही है और उनकी मांगों को भी मान लिया गया है। उन्होंने कहा कि कंपनी झारखंड सरकार द्वारा निर्धारित मजदूरी दर का पालन कर रही है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि जो यहां काम करना चाहते हैं वे करें अन्यथा छोड़ सकते हैं।खबर लिखे जाने तक मजदूरों एजेंसी और प्लांट प्रबंधन के बीच कोई समझौता नहीं हो पाया है और आंदोलन जारी है।














