धनबाद झारखंड की पहली 8 लेन सड़क एक बार फिर धंसने से निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। धनबाद के झारखंड मोड़ के पास सर्विस लेन में बड़ा गोफ गड्ढा बन गया जो लगभग तीन फीट चौड़ा और आठ फीट गहरा बताया जा रहा है।जानकारी के अनुसार, सड़क के नीचे भारी जलजमाव देखा गया जिससे यह धंसाव हुआ। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कई दोपहिया वाहन इस गड्ढे में गिरने से बाल बाल बचे।यह 461.90 करोड़ रुपये की लागत से बनी लगभग 30 किलोमीटर लंबी सड़क है जिसका निर्माण स्टेट हाईवे अथॉरिटी ऑफ झारखंड SAJ द्वारा शिवालया और त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन एजेंसियों को सौंपकर कराया गया था।बताया जा रहा है कि धनबाद के गोल्ड बिल्डिंग से लेकर कतरास कांकोमठ तक करीब 20 किलोमीटर लंबी इस सड़क का उद्घाटन 5 अक्टूबर 2024 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया था। लेकिन उद्घाटन के बाद से ही यह सड़क लगातार धंस रही है। यह आठवीं बार है जब सड़क पर इस तरह का गोफ बना है। पिछले वर्ष भी बड़े गड्ढे बनने के कारण कई दिनों तक इस सड़क पर आवागमन रोकना पड़ा था।मामले को गंभीरता से लेते हुए धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही संबंधित एजेंसी को स्थायी समाधान के लिए लिखित निर्देश दिया गया है। साथ ही सड़क की मरम्मत और सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए गए हैं।फिलहाल इस घटना के बाद सड़क निर्माण की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।