पलामू जिले के पांकी प्रखंड अंतर्गत आसेहार गांव में हुई महिला हत्या के मामले में एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों में भारी आक्रोश है।मृतका ललिता देवी लगभग 40 वर्ष पत्नी दिनेश भुईया की 12 जनवरी 2026 को एक बराछया समारोह के दौरान हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद परिजनों द्वारा संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी लेकिन अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।न्याय की मांग को लेकर परिजनों ने पलामू पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन सौंपा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की है।परिजनों का कहना है कि घटना को एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस की कार्रवाई बेहद धीमी है जिससे परिवार के लोग भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हैं।आवेदन में चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।वहीं पांकी थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पुलिस हर पहलू से छानबीन कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।अब सवाल यह है कि पुलिस इस संवेदनशील मामले में कब तक कार्रवाई करती है और पीड़ित परिवार को न्याय कब मिलता है।