धनबाद केंदुआडीह थाना क्षेत्र में धनबाद बोकारो मुख्य मार्ग पर अचानक सड़क करीब 2 फीट तक धंस जाने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया और लोगों में दहशत फैल गई।स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर कई जगह दरारें भी साफ नजर आ रही हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।सूचना मिलते ही केंदुआडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई। साथ ही राहगीरों और वाहन चालकों को सतर्क किया जा रहा है। बोकारो की ओर जाने वाले वाहनों को फिलहाल वैकल्पिक मार्ग से भेजा जा रहा है।प्रशासन ने संबंधित विभाग को सूचना दे दी है और सड़क धंसने के कारणों की जांच की जा रही है। कोयला क्षेत्र होने के कारण इसे भू धंसान से जोड़कर भी देखा जा रहा है।केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडे ने बताया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत बैरियर लगा दिए गए हैं और ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है। वहीं बीसीसीएल के अधिकारियों को भी मामले की जानकारी दे दी गई है।स्थानीय लोगों ने जल्द मरम्मत की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह बड़ा हादसा बन सकता है।