हजारीबाग जिले के बड़ी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत आज सुबह हुरहुरु इलाके में एक शव मिलने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। शव की खबर मिलते ही हुरहुरु के ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने कारगिल पेट्रोल पंप के पास सड़क पर शव रखकर आवागमन पूरी तरह से ठप कर दिया।ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह के भीतर कुएं और तालाब से दो शव बरामद किए जा चुके हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और ऐसी घटनाओं पर सख्त रोक लगाने की मांग की।सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे तक सड़क जाम की स्थिति बनी रही। इसके बाद पुलिस द्वारा अपराधियों को जल्द पकड़ने का आश्वासन दिए जाने पर लोगों ने कुछ हद तक संयम दिखाया।फिलहाल स्थिति पर पुलिस नजर बनाए हुए है और इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।