हजारीबाग रमजान मुबारक के 30 रोजे पूरे होने के बाद हज़ारीबाग़ समेत देशभर में शनिवार को ईद ईद उल फितर मनाई गई। शनिवार सुबह से ही मुस्लिम इलाके ईद की खुशियों में डूब गए। शहर की सभी मस्जिदों में ईद की नमाज अकीदत से अदा की गई। हज़ारीबाग के जामा मस्जिद में पहली जमात सुबह 8 बजे ईद की नमाज की शुरुआत हुई, जबकि अलग अलग मस्जिदों में तय समय पर नमाज अदा की गई।नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक दूसरे के गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी। इस मौके पर कुर्ता पायजामे शेरवानी पठानी सूट और खान सूट पहनकर बड़ी संख्या में लोग मस्जिदों में नमाज के लिए पहुंचे। खासकर छोटे बच्चों में ईद की खुशियां शहर की रौनक बनकर नजर आईं।ईद के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मस्जिदों के आसपास पुलिस और आरएएफ की तैनाती रही। पुलिस टीमों ने ड्रोन के जरिए निगरानी की और कई जगह ड्रोन उड़ाकर आसपास के इलाकों पर नजर रखी गई ताकि पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने लोगों को ईद की मुबारकबाद देते हुए आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की।